धमधा। दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के ग्राम धरमपुरा में करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। राजस्व विभाग की जांच में वैशाली नगर (भिलाई) थाने में पदस्थ आरक्षक सुरेश यादव द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा कर खेती किए जाने की पुष्टि होने का दावा किया गया है। इसके बाद राजस्व विभाग ने अतिक्रमण का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धरमपुरा के खसरा नंबर 466 और 467 की शासकीय भूमि पर लंबे समय से कब्जे की शिकायत मिल रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित आरक्षक के पुलिस विभाग में पदस्थ होने के कारण लोग खुलकर विरोध या शिकायत करने से कतराते रहे। उनका कहना है कि प्रभाव का इस्तेमाल कर शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश भी की जाती थी।
बताया गया कि मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमधा से की गई थी। इसके बाद पंचायत और पटवारी की संयुक्त जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में संबंधित भूमि को शासकीय बताते हुए कब्जे की पुष्टि की गई। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी द्वारा किए गए मौके के निरीक्षण में भी सरकारी भूमि पर कब्जा पाया गया, जिसके आधार पर राजस्व विभाग ने अतिक्रमण की कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
उधर, शिकायत के आधार पर दुर्ग पुलिस लाइन के उप पुलिस अधीक्षक ने भी विभागीय जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जा चुका है और मामले की जांच जारी है। राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद यह मामला पुलिस विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।





