कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्महाउस में चल रहे जुए के फड़ का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान 11 जुआरी रंगे हाथों पकड़े गए।


जानकारी के अनुसार, थाना कवर्धा, एएनटीएफ और साइबर थाना की संयुक्त टीम को खैरबनाकला गांव स्थित एक फार्महाउस में जुए की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां जुआ खेलते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने मौके से 25,700 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 1,50,700 रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।