कवर्धा। जिले के रेंगाखार तहसील अंतर्गत ग्राम भीमभौरी में अवैध वृक्ष कटाई और लकड़ी तस्करी के एक संगठित मामले का खुलासा हुआ है। राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मौके पर आम के 12 पेड़ अवैध रूप से कटे मिले।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने कटे हुए लट्ठों पर वन विभाग की फर्जी मुहर लगाकर उन्हें वैध दिखाने का प्रयास किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, लकड़ी की खेप को मध्य प्रदेश के इंदौर भेजने की तैयारी चल रही थी।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके से एक ट्रक और एक क्रेन जब्त कर ली है। मामले में शामिल लोगों की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





