गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बड़े स्तर पर अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। जारी आदेश के तहत जिला मुख्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन किया गया है। साथ ही विभिन्न तहसीलों में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के दायित्व भी तत्काल प्रभाव से बदल दिए गए हैं।
CEO और अपर कलेक्टर को नई जिम्मेदारियां
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मुकेश रावटे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, CREDA, सी-मार्ट, महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क, पीएम जनमन योजना और बैगा विकास प्राधिकरण सहित कई महत्वपूर्ण विभाग रहेंगे।
वहीं दिलेराम डाहिरे को अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) के रूप में कानून-व्यवस्था, राजस्व अपील, पुनरीक्षण, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, शस्त्र अनुज्ञप्ति नवीनीकरण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों का प्रभार दिया गया है।
SDM स्तर पर भी बदलाव
संयुक्त कलेक्टर निकिता मरकाम को मरवाही अनुविभाग का एसडीएम बनाया गया है। वे मरवाही तहसील के राजस्व, भू-अर्जन, नजूल और निर्वाचन संबंधी कार्यों का दायित्व संभालेंगी।
डिप्टी कलेक्टर अमित बेक को पेंड्रारोड का एसडीएम नियुक्त किया गया है। उनके अधीन पेंड्रारोड, पेंड्रा और सकोला तहसील के राजस्व एवं दांडिक प्रकरणों के साथ जनगणना शाखा और सत्कार अधिकारी का दायित्व रहेगा।
अन्य अधिकारियों को भी नए विभाग
डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय को स्थापना, वित्त, जिला नाजरात, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, समाज कल्याण, बाढ़ आपदा प्रबंधन और एनआईसी का प्रभार दिया गया है।
विक्रांत कुमार अंचल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। साथ ही वे डीएमएफ निधि, सीएसआर, जेल अधीक्षक, सूचना का अधिकार (RTI) और मुख्यमंत्री जन शिकायत निवारण शाखा का कार्य देखेंगे।
देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भू-अभिलेख, डायवर्सन, भू-अर्जन, पासपोर्ट, परीक्षा शाखा, भूइयां कार्यक्रम, डिजिटल सर्वे तथा पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले
प्रशासन ने राजस्व अमले में भी व्यापक फेरबदल किया है।
- शेषनारायण जायसवाल को पेंड्रारोड से स्थानांतरित कर पेंड्रा का तहसीलदार बनाया गया है।
- प्रीति शर्मा को मरवाही से स्थानांतरित कर गौरेला तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- अविनाश कुजुर को पेंड्रा से मरवाही तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
- उमेश कुमार चौहान को पेंड्रा से पेंड्रारोड भेजा गया है। उन्हें उप तहसील बस्ती का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
- रमेश कुमार कमार को मरवाही में कार्यरत रहते हुए उप तहसील निमधा का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
- अंजली मिश्रा को जिला कार्यालय से स्थानांतरित कर सकोला का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया है।
- दशोदा आर्मी अब भू-अभिलेख शाखा में सहायक अधीक्षक के रूप में कार्य करेंगी।
सकोला तहसील के लिए अंतरिम व्यवस्था
नवगठित सकोला तहसील कार्यालय के आहरण एवं संवितरण (DDO) का अधिकार आगामी आदेश तक पेंड्रा तहसीलदार को सौंपा गया है।
अधिकारियों के लिए बनाई गई लिंक ऑफिसर व्यवस्था
प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए लिंक ऑफिसर की व्यवस्था भी की गई है। जिला पंचायत CEO मुकेश रावटे और अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे एक-दूसरे के लिंक अधिकारी रहेंगे। इसी तरह डिप्टी कलेक्टरों और एसडीएम स्तर पर भी वैकल्पिक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
कलेक्टर के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गौरेला, पेंड्रा नगर पालिका परिषद और मरवाही नगर पंचायत से जुड़े मामलों का अंतिम निराकरण कलेक्टर स्तर पर ही किया जाएगा। वहीं जिन विषयों का आवंटन किसी अधिकारी को नहीं किया गया है, उनका निस्तारण जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर स्वयं करेंगे।





