दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक केयरटेकर ने अपने प्रेमी की आर्थिक मदद के लिए अपने ही मालिक के घर से चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले में महिला और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता घर में रहकर घरेलू कामकाज करती रही।

इसी दौरान लंबे समय तक घर में रहने के कारण उसे घर की पूरी जानकारी हो गई थी, जिसमें अलमारी में रखे नकदी की भी जानकारी शामिल थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसने अपने प्रेमी की मदद के लिए घर से 24 हजार रुपये चोरी कर लिए।


शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी महिला ममता चौहान तथा उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।