कवर्धा। जिले में लगातार बारिश के बीच शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार सवारियों से भरी एक मैजिक वाहन उफनते नाले में फंस गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगाया और वाहन को नाले में उतार दिया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वाहन बीच में ही फंस गया और उसमें सवार लोगों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल क्षेत्र में बारिश के कारण नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।