दुर्ग। जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में खारुन नदी पर दर्दनाक हादसा हो गया। ओदरागहन एनीकट पार करते समय काई के कारण बाइक फिसल गई और उस पर सवार दो युवक नदी में जा गिरे। एक युवक ने बाइक का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव बरामद किया।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय सुरेंद्र कुमार यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। हादसा गुरुवार, 17 सितंबर की शाम करीब छह बजे हुआ। दोनों युवक विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने के बाद वापस लौट रहे थे।

एनीकट पर बह रहा था करीब एक फीट पानी

बताया गया कि ओदरागहन एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था। पानी कम देखकर दोनों युवकों ने बाइक से एनीकट पार करने की कोशिश की। इसी दौरान सतह पर जमी काई के कारण बाइक अचानक फिसल गई और दोनों युवक संतुलन खोकर नदी में गिर पड़े।

एक युवक ने बाइक पकड़कर खुद को संभाला और सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि सुरेंद्र कुमार यादव नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की।

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

देर रात एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी गई। शुक्रवार सुबह टीम ने नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्ग एसडीआरएफ के डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने पानी में उतरकर खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद सुरेंद्र यादव का शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।