बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। चेरला से बीजापुर आ रही बाबा ट्रेवल्स की बस गुण्डम के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में कुल 12 यात्री घायल हुए हैं।
सीआरपीएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ जवान और तर्रेम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
आठ घायलों को जिला अस्पताल रेफर
हादसे में घायल 12 यात्रियों में से चार का उपचार बासागुड़ा अस्पताल में जारी है, जबकि आठ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बस चालक और अन्य लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।





