जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में कोसमंदा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कमरीद से चांपा की ओर जा रही थी पिकअप

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन कमरीद गांव से चांपा की ओर जा रहा था। वहीं ट्रेलर चांपा की तरफ से कमरीद गांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान कोसमंदा गांव के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायल लोगों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।

ट्रेलर चालक मौके से फरार

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल घायलों की स्थिति और वाहनों को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।