बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला गांव के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियारों का डंप बरामद किया गया। मौके से AK-47 समेत तीन राइफल, 9 एमएम पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस मिले हैं।
सूचना के बाद जंगल में पहुंची पुलिस और DRG की टीम
पुलिस के मुताबिक, बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस और DRG के जवानों को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध स्थान की जांच करने पर जमीन के नीचे दबाकर रखा गया नक्सली डंप मिला।
डंप से बरामद हुए ये हथियार
पुलिस ने नक्सली डंप से एक AK-47 राइफल, एक .315 बोर राइफल, एक सिंगल शॉट राइफल और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद की है। इसके अलावा AK-47 की दो मैगजीन, 45 जिंदा AK-47 राउंड, 25 जिंदा 9 एमएम राउंड और .315 बोर के छह जिंदा कारतूस भी मिले हैं। बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना बनी अहम
रिपोर्ट के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से संगठन की गतिविधियों और पुराने मामलों को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया और छिपाए गए हथियारों के डंप तक पहुंचने में सफलता हासिल की।





