जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित नया बस स्टैंड इलाके में बैठने की जगह को लेकर दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने 27 वर्षीय मोनू पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके सीने में हृदय के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शराब दुकान के पास शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास एक वेल्डिंग दुकान के सामने की है। यहां खाली जगह पर बैठने को लेकर दो गुटों के युवकों में कहासुनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और एक युवक ने मोनू पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

हमले में मोनू के सीने पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में बैठने की जगह को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।