राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और बसंतपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नकद समेत लगभग 10.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान जेल में हुई थी और बाहर आने के बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी।


11 सितंबर को सूने मकान को बनाया निशाना

घटना 11 सितंबर 2026 की है। आशीर्वाद कॉलोनी कौरिनभाठा निवासी कुल प्रकाश वालदे ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया।

आरोपियों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत पर बसंतपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

तकनीकी साक्ष्य, कैमरों के फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में मुख्य आरोपी की पहचान विक्की वर्मा के रूप में हुई।


हरियाणा से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

पुलिस ने विक्की वर्मा को 20 सितंबर को हरियाणा से हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वह वर्ष 2025-26 में चोरी के एक मामले में केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था।

जेल में उसकी पहचान रहिमन टीकमदास से हुई थी, जो भी चोरी के मामले में जेल में था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई।


किराए पर रहता था दूसरा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, रहिमन आशीर्वाद कॉलोनी में शिकायतकर्ता के मकान के ऊपर किराए से रहता था। उसे इस बात की जानकारी थी कि घर में सोने-चांदी के आभूषण रखे हैं और दोपहर के समय मकान सूना रहता है।

यही जानकारी उसने कथित तौर पर विक्की वर्मा को दी, जिसके बाद चोरी की योजना बनाई गई। घटना के समय दोनों मोबाइल फोन के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे।


सोने के आभूषण गलाकर बनाया 100 ग्राम का डल्ला

पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद कुछ सोने के आभूषण हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित एक ज्वेलर को बेच दिए गए थे। वहीं बचे हुए सोने को गलाकर करीब 100 ग्राम का डल्ला बना लिया गया था।

पुलिस ने विक्की के कब्जे से 100 ग्राम सोने का डल्ला, एक लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया। वहीं रहिमन के पास से चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।


कई जिलों में दर्ज हैं चोरी के मामले

पुलिस के अनुसार, विक्की वर्मा के खिलाफ बस्तर, महासमुंद, दुर्ग, कबीरधाम, धमतरी और राजनांदगांव समेत कई जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं रहिमन के खिलाफ भी बस्तर जिले में चोरी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस चोरी गए बाकी सामान की बरामदगी के साथ-साथ मामले में शामिल अन्य लोगों और संबंधित ज्वेलर की भूमिका की भी जांच कर रही है।