भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के जोन नंबर-3, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 70.460 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 14.09 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आलमारी से मिला चिट्टा, नकदी और जेवर भी जब्त
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 19 सितंबर को टीम ने मकान में दबिश दी। इस दौरान मुख्य आरोपी जसबीर कौर उर्फ सोनू ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
मकान की तलाशी में आलमारी से हेरोइन के अलावा 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद, करीब 71.35 ग्राम वजन के 19 सोने के आभूषण, चांदी के जेवर, बर्तन, 8 मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत करीब 29 लाख 22 हजार 300 रुपये आंकी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी मिले
इस मामले में पुलिस ने जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी और त्रिकेश निषाद को भी गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान दो नाबालिग भी मिले, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
तीनों वयस्क आरोपियों को 20 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दिल्ली और हरियाणा से हेरोइन लाने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दावा किया गया है कि आरोपी दिल्ली और हरियाणा से हेरोइन लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बेचते थे। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी नाबालिगों का इस्तेमाल भी कथित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री में करती थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
पहले भी सामने आया था परिवार का नाम
पुलिस के अनुसार, जून 2026 में जसबीर कौर की मां रज्जी कौर को भी 5.80 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जसबीर कौर ने पुलिस अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एक ऑडियो जारी किया था। अब पुलिस ने जसबीर कौर को हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है।





