दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास ठंडे समोसे को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका रायपुर एम्स में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अगस्त 2026 की रात की है। आदर्श पारा सुपेला निवासी अर्चना नेवारे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे हिमांशु के साथ लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास दो युवकों ने मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
ठंडे समोसे को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हिमांशु रात करीब 10 बजे शिव मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ वहां पहुंचे। बताया गया कि हिमांशु ने पहले शराब और बाद में समोसा व पानी लाने के लिए कहा था।
रात करीब 11:15 बजे वापस लौटने के बाद शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात पर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने हिमांशु पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए।
सिर, गर्दन और पेट समेत कई जगह गंभीर चोट
हमले में हिमांशु के सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद डायल-112 की मदद से उसे शासकीय अस्पताल सुपेला पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स भेज दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
कृष्णा नगर में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा
वारदात के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान दोनों के कृष्णा नगर इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु (22), निवासी कृष्णा नगर लोहार पारा सुपेला और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ (25), निवासी भीम नगर देवांगन मोहल्ला सुपेला के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार को लेकर भी जब्ती की कार्रवाई की है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
सुपेला पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1227/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामूली विवाद को हिंसक रूप न दें। किसी तरह का विवाद होने पर कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।





