बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा विकासखंड स्थित ग्राम धुर्राबांधा में शनिवार को जर्जर स्कूल भवन और खराब सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के समीप संचालित रियल इस्पात संयंत्र से भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही सड़क निर्माण का कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। बताया गया कि सड़क के एक ओर निजी भूमि है, जबकि दूसरी ओर शासकीय भूमि पर मकान बने होने के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव का शासकीय स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार यशवंत कुमार, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी और रियल इस्पात संयंत्र के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जर्जर स्कूल भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। वहीं रियल इस्पात संयंत्र की ओर से सड़क की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य में तेजी लाने का भरोसा दिया गया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रशासन के निर्देश के बाद रियल इस्पात संयंत्र की ओर से मौके पर ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




