रायपुर/मथुरा। उत्तर प्रदेश के धार्मिक नगर वृंदावन में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें रायपुर के एक युवक पर धोखा देने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों का संपर्क टूटा तो होटल में की पूछताछ

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 24 वर्षीय पार्वती के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को वृंदावन के केशवधाम इलाके में स्थित होटल श्री राधा निकुंज में ठहरी थी। रविवार को परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर कोई जवाब नहीं मिला।

बेटी की चिंता होने पर पिता ने होटल प्रबंधन से संपर्क किया। इसके बाद कर्मचारी कमरे में पहुंचा, जहां युवती मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सुसाइड नोट में युवक पर धोखा देने का आरोप

पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें रायपुर निवासी आशीष ओझा नामक युवक का उल्लेख करते हुए धोखा देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस नोट की सत्यता और उसमें दर्ज आरोपों की जांच कर रही है।

मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम

सर्कल ऑफिसर संदीप कुमार सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।