महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई है। सोमवार तड़के चार विचाराधीन बंदी कंबलों को जोड़कर बनाई गई रस्सी के सहारे जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने फरार बंदियों की तलाश तेज कर दी है।

पांच ने किया भागने का प्रयास, चार हुए फरार

जानकारी के मुताबिक, जेल से भागने की योजना में पांच बंदी शामिल थे। सभी ने कंबलों को जोड़कर दीवार पार करने की कोशिश की। इनमें चार बंदी भागने में कामयाब रहे, जबकि पांचवां दीवार से गिर जाने के कारण फरार नहीं हो सका।

गांजा तस्करी और चोरी के मामलों में जेल में थे बंद

फरार बंदियों में तीन गांजा तस्करी के मामलों में और एक चोरी के मामले में न्यायिक हिरासत में था। बताया जा रहा है कि इनमें दो जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का रहने वाला है।

जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल

घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बंदियों ने इतनी बड़ी योजना कैसे तैयार की और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की तलाश, सुरक्षा में चूक की जांच

घटना के बाद पुलिस ने फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही जेल प्रशासन सुरक्षा में हुई चूक की पड़ताल कर रहा है।

एक साथ चार बंदियों के फरार होने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। अब पुलिस के सामने चारों को जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।