बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बेरला क्षेत्र स्थित उत्सव डेयरी में औचक निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में अस्वच्छ खाद्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मौके पर करीब 2 हजार किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाइयां नष्ट कराईं।
डेयरी में फफूंद लगे पैकेट और गंदगी मिलने से अधिकारी हैरान
खाद्य विभाग की टीम ने 15 नवंबर को उत्सव डेयरी में दबिश दी। जांच के दौरान परिसर में साफ-सफाई की गंभीर कमी सामने आई। कई खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे मिले, जबकि कुछ पैकेटों में फफूंद लगी हुई थी। अधिकारियों ने इसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना।
दूध फाड़ने में इस्तेमाल हो रहा था गैर-फूड ग्रेड एसिड
निरीक्षण के दौरान टीम को पता चला कि डेयरी में दूध फाड़ने के लिए गैर-फूड ग्रेड एसिटिक एसिड का उपयोग किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सामग्री की जांच शुरू की है।
प्रशासन की मौजूदगी में नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की सहायता से लगभग 3050 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई। इसके अलावा डेयरी में तैयार किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि संबंधित डेयरी करीब छह वर्षों से संचालित हो रही थी।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा है कि प्रदेश में सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





