रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी रायपुर स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सरकारी निवास के बाहर एकत्रित हो गए। अभ्यर्थियों ने नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अचानक हुए इस प्रदर्शन के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सुबह-सुबह मंत्री निवास पहुंचे अभ्यर्थी
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे डीएड अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में बैठाकर ले जाने की जानकारी भी सामने आई है।
2300 पदों पर नियुक्ति की मांग
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत करीब 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। पात्र होने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, करीब 11 महीने से वे अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
न्यायालय के आदेशों के पालन की उठाई मांग
डीएड अभ्यर्थियों का दावा है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्तियां निरस्त होने के बाद खाली हुए पदों पर पात्र डीएड उम्मीदवारों की नियुक्ति की जानी चाहिए। उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए राज्य सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
लगातार आंदोलन के बाद भी नहीं मिला समाधान
अभ्यर्थी इससे पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। बीते 5 नवंबर को भी उन्होंने शिक्षा मंत्री के निवास पर पहुंचकर अपनी मांग उठाई थी। इसके अलावा कैंडल मार्च, मौन प्रदर्शन और दंडवत यात्रा के माध्यम से भी सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति में लगातार हो रही देरी से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द स्पष्ट निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।
फिलहाल डीएड अभ्यर्थियों के दोबारा सड़क पर उतरने से सहायक शिक्षक भर्ती का मामला एक बार फिर गरमा गया है।





