महासमुंद। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। महासमुंद जिले में खरीदी के दूसरे दिन 960 किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए टोकन प्राप्त किए। इन किसानों से करीब 3,887 मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा के लिए जिले के 170 उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

पहले दिन 573 किसानों ने बेची अपनी उपज

जिले में धान खरीदी के पहले दिन 573 किसानों से 2,116.56 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। दूसरे दिन भी किसानों ने बड़ी संख्या में टोकन प्राप्त किए। प्रशासन का प्रयास है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डिजिटल व्यवस्था से किसानों को मिली राहत

धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने में किसान डिजिटल सुविधा का भी भरपूर उपयोग कर रहे हैं। दूसरे दिन 738 किसानों ने 'टोकन तुहर हाथ' मोबाइल ऐप के जरिए टोकन प्राप्त किए, जबकि 222 किसानों ने समितियों के माध्यम से टोकन लिए। ऑनलाइन व्यवस्था से किसानों को बार-बार खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

खरीदी केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। धान की गुणवत्ता जांच, तौल और किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। साथ ही किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिले।