कवर्धा में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, जांच के दौरान माजदा वाहन से मिलीं 95 बोरियां, 6.17 लाख रुपये का माल जब्त।

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश से लाए जा रहे 38 क्विंटल धान को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया है। धान और परिवहन में इस्तेमाल वाहन की कुल कीमत लगभग 6 लाख 17 हजार 800 रुपये आंकी गई है।

जांच के दौरान पकड़ाया धान से भरा वाहन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम अंजना के मुख्य मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान माजदा वाहन क्रमांक CG-08-AJ-9104 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में प्लास्टिक की 95 बोरियों में भरा करीब 38 क्विंटल धान मिला। जांच के दौरान वाहन सवार धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

अधिक कीमत पर धान बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी उमेद्र ठाकरे (36) और अंकित मेश्राम (27) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों मध्यप्रदेश से धान लेकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में थे।

5 लाख का वाहन और 1.17 लाख का धान जब्त

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 17 हजार 800 रुपये मूल्य का धान और लगभग 5 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन जब्त किया है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण एसडीएम न्यायालय, बोड़ला में प्रस्तुत किया गया है।

अवैध धान परिवहन रोकने के लिए निगरानी तेज

धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए जिले में जांच और निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन का कहना है कि दूसरे राज्यों से अवैध तरीके से धान लाकर छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।