रायपुर, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित ओडिशा से गांजे की खेप लेकर रायपुर पहुंचा था और यहां ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 किलो 710 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 85 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
ग्राहक तलाशते समय पुलिस ने दबोचा
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि नहरपारा रोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर घूम रहा है। उसके पास गांजा होने और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की जानकारी मिली थी।
सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
अधिक मुनाफे के लालच में लाया था गांजा
पकड़े गए युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर निवासी 26 वर्षीय शिवम मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने ओडिशा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर रायपुर लाने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित गांजे को अधिक दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। तलाशी के दौरान उसके बैग से 3 किलो 710 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही गांजे की आपूर्ति करने वालों और स्थानीय संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती
रायपुर पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ अभियान के तहत अब तक 100 प्रकरणों में 218 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इन मामलों में मादक पदार्थों और वाहनों समेत करीब 7.36 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





