गरियाबंद के देवभोग इलाके में तेज हवाओं और बारिश से फसलों को भारी नुकसान की आशंका, 20 से अधिक गांव प्रभावित; धान के साथ सब्जी और दलहन की खेती पर भी संकट
गरियाबंद, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के असर से हुई बेमौसम बारिश किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में तेज हवाओं और बारिश के चलते धान की तैयार फसल खेतों में बिछ गई है। कई स्थानों पर जलभराव होने से धान की बालियां पानी में डूब गई हैं। फसल कटाई से ठीक पहले बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हजारों एकड़ में लगी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
20 से अधिक गांवों में बारिश का असर
देवभोग क्षेत्र के सिनापाली, बाड़ीगांव, गिरशुल और झाखरपारा समेत आसपास के 20 से अधिक गांवों में फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है। कई किसानों की धान की फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। ऐसे में किसान पानी में उतरकर पौधों को सहारा देने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि फसल को खराब होने से बचाया जा सके।
धान की बालियां सड़ने का खतरा
किसानों का कहना है कि अगर खेतों से जल्द पानी नहीं निकला तो धान की बालियों में सड़न शुरू हो सकती है। विशेष रूप से उन फसलों को अधिक नुकसान होने की आशंका है, जिनमें अभी दाने तैयार हो रहे हैं। किसानों को डर है कि मौसम में जल्द सुधार नहीं हुआ तो उनकी महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी डूब सकती है।
सब्जी और दलहन उत्पादक भी परेशान
बेमौसम बारिश का असर धान के अलावा मक्का, सब्जी और दलहन की खेती पर भी पड़ा है। खेतों में पानी भरने से फसलों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, मौसम खराब होने के कारण सब्जियों की बिक्री भी प्रभावित हुई है। इससे किसानों के सामने अपनी उपज को सुरक्षित रखने और उचित कीमत पर बेचने की चुनौती खड़ी हो गई है।
नुकसान का आकलन कराएगा प्रशासन
फसलों को हुए नुकसान के बीच प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराने की बात कही है। देवभोग तहसीलदार सुशील कुमार भोई के अनुसार, राजस्व अमले के माध्यम से नुकसान का आकलन किया जाएगा। जांच में पात्र पाए जाने वाले किसानों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
धान खरीदी शुरू होने से पहले मौसम की मार झेल रहे किसानों को अब प्रशासन से जल्द सर्वे और आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।





