बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की करही चौकी अंतर्गत बिटकुली-खैरा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन तेज गति से आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
भाग रहे चालक को पुलिस ने दबोचा
सूचना मिलते ही करही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG 04 QJ 4710 को करही चौकी के पास रोक लिया। चालक सिद्धांत चतुर्वेदी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
मृतकों की पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





