रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसदा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने भाई दूज की खुशियों को मातम में बदल दिया। मां के साथ ननिहाल आई पांच वर्षीय मासूम की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी।
ननिहाल में खेल रही थी बच्ची, अचानक हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, तिल्दा नेवरा निवासी भीम यादव की पांच वर्षीय बेटी हेमा यादव अपनी मां के साथ भाई दूज मनाने कपसदा गांव स्थित मामा मनहरण यादव के घर आई थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे मासूम घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान तिवरैया की ओर से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम, सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मासूम की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
भारी वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों और रेलवे साइडिंग के कारण भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। तेज रफ्तार ट्रेलरों से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
त्योहार के दिन पसरा मातम
भाई दूज के अवसर पर जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां मासूम हेमा की असमय मौत से मातम पसर गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।





