महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तेज रफ्तार एंबुलेंस के खड़े ट्रक से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर हुई इस दुर्घटना में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस मरीज को लेकर ओडिशा जा रही थी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बागबाहरा में खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस

जानकारी के मुताबिक, हादसा बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास हुआ। एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को लेकर ओडिशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो महिलाओं की गई जान, घायलों को अस्पताल भेजा

इस भीषण हादसे में एंबुलेंस में सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दो महिलाओं समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

ओडिशा के बताए जा रहे मृतक और घायल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मृत महिलाओं की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

दुर्घटना के बाद बागबाहरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा और ट्रक सड़क पर किस स्थिति में खड़ा था, इन पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।