बलौदाबाजार, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के नेहरू चौक स्थित जैन मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह घर में करंट फैलने से कपड़ा व्यवसायी और उनके बेटे की मौत हो गई। वहीं, दोनों को बचाने पहुंची महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
सफाई के दौरान लोहे के पाइप में दौड़ा करंट
जानकारी के अनुसार, नेहरू चौक निवासी कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (47) के घर में शुक्रवार सुबह साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर लगी रेलिंग के लोहे के पाइप में अचानक करंट आ गया। राकेश गुप्ता बिजली के संपर्क में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
पिता को करंट की चपेट में देखकर उनका बेटा बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी इसकी चपेट में आ गया। दोनों को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पिता-पुत्र ने गंवाई जान, पत्नी रायपुर रेफर
हादसे में राकेश गुप्ता और उनके पुत्र की मौत हो गई। वहीं, वर्षा गुप्ता को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
मकान के करीब से गुजरती है हाईटेंशन लाइन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान के पास से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है। घर और बिजली के तारों के बीच करीब पांच फीट की दूरी बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली से जुड़े किसी तकनीकी कारण के चलते लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हुआ। हालांकि, हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। धनतेरस के दिन पिता-पुत्र की मौत से परिजनों के साथ स्थानीय व्यापारी भी स्तब्ध हैं। इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





