बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी स्थित शबरी पुल पर मंगलवार को बीच पुल में एक कैप्सूल वाहन और ट्रेलर खराब हो जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पिछले दो घंटे से पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शबरी पुल के बीचों-बीच पहले एक कैप्सूल वाहन और उसके बाद एक ट्रेलर खराब हो गया। दोनों भारी वाहनों के बीच मार्ग में फंस जाने से जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार के बीच आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
जाम के कारण पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। कई यात्री घंटों से जाम में फंसे हुए हैं, जबकि आवश्यक कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शबरी पुल बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा जिले को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में इस मार्ग के अवरुद्ध होने से दोनों जिलों के बीच यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर खराब वाहनों को हटाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वाहनों को हटाकर जल्द से जल्द यातायात सामान्य कराने की कोशिश की जा रही है।




