रायपुर:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन जुए और कर्ज के दलदल में फंसे एक युवक ने अपने ही जीजा के बंद मकान में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने, चांदी व हीरे के जेवर सहित नकदी पार कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर लगभग 37 लाख रुपये मूल्य के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
मकान बंद होने का उठाया फायदा
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है। पीड़ित अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और वर्तमान में कोंडागांव में पदस्थ होने के कारण सपरिवार वहीं रहते हैं। रायपुर स्थित उनके तीन मंजिला मकान के भूतल और पहली मंजिल पर उनके माता-पिता व बड़े भाई का परिवार रहता है, जबकि तीसरी मंजिल पर उनका निजी आवास है जो बंद था।
अनिल शर्मा के अनुसार, 28 अक्टूबर को घरेलू सहायिका मकान की सफाई कर चाबी उनकी मां को सौंप गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह परिजनों ने देखा कि तीसरी मंजिल के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखने पर अलमारी और लॉकर भी क्षतिग्रस्त मिले, जिसमें रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण तथा नकदी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के दौरान एक युवक दीवार फांदकर घर में घुसता और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल की ओर जाता नजर आया। हुलिए के आधार पर युवक की पहचान पीड़ित के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष), निवासी प्रिंस कॉलोनी, टिकरापारा के रूप में हुई।
पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पहले वह गुमराह करने की कोशिश करता रहा। लेकिन कड़ाई से पूछताछ और फुटेज के सबूत सामने रखने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बहन के घर रुककर रची थी साजिश
आरोपी ने खुलासा किया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की गंभीर लत है, जिसके चलते उस पर भारी कर्ज हो गया था। कर्जदारों से बचने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। वारदात से कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ इसी मकान में दो दिन रुका था। उसी दौरान उसने अलमारी में रखे जेवरात व नकदी देख ली थी और उसे पता था कि बहन के कोंडागांव जाने के बाद मकान खाली रहेगा।
वारदात के दिन आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसा और ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी काट दी। इसके बाद लॉकर तोड़कर जेवरात चुरा लिए। शक से बचने के लिए उसने अलमारी के कपड़ों को दोबारा करीने से जमाया और कुछ गहने वहीं छोड़ दिए ताकि चोरी का तत्काल पता न चले।
37 लाख के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 25 तोला सोने के जेवरात (अनुमानित कीमत ₹37 लाख) बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





