बेमेतरा। जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पौसरी में देर रात अज्ञात व्यक्ति ने तीन मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि तीनों बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, वहीं पीड़ित परिवार ने आगजनी को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब ढाई बजे ग्राम कोटवार सालिक दास मानिकपुरी के घर के पास हुई। देर रात अचानक मोटरसाइकिलों में आग लगी देख परिवार के सदस्य घबरा गए। जब तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता, तब तक तीनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे।

आग लगाने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोटरसाइकिलों में आग किसने और किस वजह से लगाई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण, इसकी भी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नांदघाट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आगजनी करने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।