रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मंगल बाजार स्थित एक मकान में अज्ञात चोर छत के रास्ते दाखिल हुआ और करीब दो लाख रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि घर में करीब 10 लाख रुपये के जेवरात मौजूद होने के बावजूद चोर ने उन्हें नहीं छुआ।
छत के रास्ते घर में घुसा चोर
जानकारी के मुताबिक, मंगल बाजार निवासी संगीता वर्मा के घर में चोरी की वारदात हुई। आरोपी ने मुख्य दरवाजे के बजाय छत के रास्ते मकान में प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे जेवरात और नकदी में से कुछ सामान लेकर फरार हो गया।
लाखों के गहने सुरक्षित मिलने से बढ़ी हैरानी
घर में लक्ष्मी पूजन के लिए रखे आभूषणों के साथ करीब 47 हजार रुपये नकद भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मकान में 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात रखे थे, लेकिन चोर केवल दो लाख रुपये के आसपास का सामान ही ले गया। बाकी कीमती गहने सुरक्षित मिले।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना के बाद पीड़िता ने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और चोरी के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





