बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के शासकीय ITI राजहरा में छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक शिक्षक पर मामूली बात को लेकर छात्र से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद नाराज छात्रों और उनके परिजनों ने संस्थान में विरोध जताया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


विश्वकर्मा पूजा के दिन हुई घटना

जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर 2026 की है। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर ITI में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर भोजन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान वेल्डर ट्रेड के प्रथम वर्ष के छात्र गजेंद्र साहू सुबह करीब 11:30 बजे पानी पीने के लिए क्लासरूम की ओर गया था।

आरोप है कि बरामदे में मौजूद शिक्षक फनील साहू ने छात्र से कहा कि बाकी सभी काम कर रहे हैं और वह घूम रहा है। इसके बाद शिक्षक ने कथित तौर पर लोहे के बेलचे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बचाव के दौरान छात्र के बाएं हाथ की कलाई के पास चोट आई।


बचाने पहुंचे छात्रों से भी मारपीट का आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, गजेंद्र को बचाने पहुंचे छात्र नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि शिक्षक ने उन्हें कॉरिडोर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।


परिजनों ने ITI परिसर में किया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के परिजन ITI पहुंचे और संस्थान प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। परिसर में विरोध और नारेबाजी की स्थिति बनने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।


शिक्षक के खिलाफ इन धाराओं में केस

पीड़ित छात्र अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।