जांजगीर-चांपा। नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत बोड़सरा स्थित शासकीय विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिका के कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर कराई गई विभागीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में विद्यालय परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक शिक्षक और शिक्षिका को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाए जाने का दावा किया गया। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई जांच में विद्यालय स्टाफ और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक और शिक्षिका की पहचान भी की गई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।
विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में पुरुष शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ तथा महिला शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अकलतरा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार दोनों को जीवन निर्वाह भत्ता (सबसिस्टेंस एलाउंस) प्रदान किया जाएगा।
आदेश में कहा गया है कि शासकीय शिक्षकों से उच्च नैतिक आचरण और अनुशासन की अपेक्षा की जाती है। विद्यालय परिसर में इस प्रकार की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को प्रभावित करती हैं तथा विद्यार्थियों एवं समाज में गलत संदेश देती हैं।





