तखतपुर (बिलासपुर)। बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम भाड़म में खेत की घेराबंदी के दौरान करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल शुक्रवार सुबह अपने खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके साथ पुत्र विवेक सिंगरौल (23) और सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी मौजूद थे। इसी बीच तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, शाम को घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद जब वे खेत पहुंचे तो तीनों के शव पड़े मिले। इसकी सूचना तत्काल कोटा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत की घेराबंदी के दौरान बिजली का करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





