खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आया है। छुईखदान नगर के वार्ड नंबर-9 स्थित कन्डरापारा निवासी चार वर्षीय बच्चे की जांच रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है। बच्चे का फिलहाल राजनांदगांव के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्र में सर्वे और निगरानी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए राजनांदगांव ले गए थे। चिकित्सकों ने लक्षणों को देखते हुए जांच कराई, जिसमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इसकी सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य अमले ने एहतियाती कदम उठाए हैं।


परिवार के सदस्यों की जांच, सैंपल भी लिए

मामले की जानकारी मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चे के घर पहुंची। परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की गई और एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए गए।

स्वास्थ्य विभाग संक्रमित बच्चे के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी सेहत पर भी नजर रख रहा है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।


वार्ड नंबर-9 में घर-घर सर्वे

स्वास्थ्य विभाग ने कन्डरापारा और आसपास के क्षेत्रों में घर-घर सर्वे शुरू किया है। स्वास्थ्यकर्मी लोगों से सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों की जानकारी ले रहे हैं।

संदिग्ध लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी जा रही है। इसके साथ ही लोगों को H1N1 संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।


स्वास्थ्य विभाग की अपील- लक्षण दिखें तो कराएं जांच

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई है।

ऐसे लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेने को कहा गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में संदिग्ध मामलों और संक्रमित बच्चे के संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रही है।