रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर जिले में खरीदी के पहले दिन 129 उपार्जन केंद्रों पर किसानों ने अपनी उपज बेची। इस दौरान 366 किसानों से कुल 9,365.60 क्विंटल धान खरीदा गया, जिसकी कीमत लगभग 2.29 करोड़ रुपये है।
21 नए केंद्रों से किसानों को मिलेगी राहत
रायपुर जिले में इस वर्ष धान खरीदी की व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। किसानों की सहूलियत के लिए 21 नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में केंद्रों की कुल संख्या 159 हो गई है। पहले दिन 17 नए केंद्रों सहित कुल 129 केंद्रों पर खरीदी की गई।
नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे परिवहन खर्च में कमी आने के साथ समय की भी बचत होगी।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी
प्रदेश सरकार की व्यवस्था के अनुसार किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को समर्थन मूल्य और अंतर की राशि मिलाकर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की घोषित दर का लाभ दिया जाना है।
कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा सहित विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान की गुणवत्ता, नमी जांच और तौल प्रक्रिया का जायजा लिया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने की सुविधा, छाया और बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वहीं, गोबरा नवापारा क्षेत्र के नए उमरपोटी उपार्जन केंद्र में विधायक इंद्र कुमार साहू ने धान खरीदी का शुभारंभ किया।
ऑनलाइन टोकन से आसान होगी प्रक्रिया
धान बेचने के लिए किसानों को 'तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख पर अपनी उपज केंद्रों में ला सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। केंद्रों पर तौल, भंडारण और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





