बालोद। जिले के डौंडीलोहारा नगर में एक आवारा कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई है। नगर के अलग-अलग इलाकों में कुत्ते ने 13 लोगों को काट लिया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर अचानक लोगों पर हमला किया। किसी के हाथ तो किसी के पैर में काटने के निशान आए हैं। घायलों में स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आए लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।


तीन घायलों की हालत गंभीर

घटना में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान से काम कर घर लौट रही थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया।

वहीं, शशिकला संजय नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। इस दौरान कुत्ते ने उनके हाथ और पैर में काट लिया। चिल्हाटीकला गांव से बैंक आई 60 वर्षीय मानो बाई भी हमले में घायल हो गईं। तीनों का चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।


नगर में बढ़ी दहशत, कार्रवाई की मांग

एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने के बाद डौंडीलोहारा में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग घर से निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन और संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।