भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में स्टेट GST की टीम ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह छोटू से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को GST अधिकारियों की टीम हैवी इंडस्ट्रियल एरिया हथखोज स्थित हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के परिसर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। कार्रवाई स्टेट GST दुर्ग के संयुक्त आयुक्त गुलापा पुरसेठ के निर्देश पर की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक होने की बात सामने आई है। GST अधिकारी वाहनों के संचालन, कारोबार से जुड़े लेनदेन, टैक्स भुगतान और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर रहे हैं। फिलहाल विभाग की ओर से जांच में सामने आई किसी कर अनियमितता या राशि को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बलौदाबाजार के यार्ड में भी पहुंची GST टीम
कार्रवाई केवल भिलाई तक सीमित नहीं है। स्टेट GST की दूसरी टीम ने बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी दबिश दी है। यहां वाहनों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच किए जाने से कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है।
जांच में जुटे करीब 24 अधिकारी
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में करीब 24 GST अधिकारी शामिल हैं। जांच के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। एक टीम का नेतृत्व उपायुक्त प्रभात सोनी, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व उपायुक्त रजनीकांत यदु कर रहे हैं। टीमों में राज्य कर अधिकारियों के साथ निरीक्षक भी शामिल हैं।
GST विभाग की जांच जारी है। दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
कौन हैं इंद्रजीत सिंह छोटू?
इंद्रजीत सिंह छोटू भिलाई के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में शामिल बताए जाते हैं। वे कारोबार के अलावा सामाजिक और खेल संगठनों से भी जुड़े हुए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वे हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) और एसबीएस हॉस्पिटल भिलाई में डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसके अलावा वे भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई, सर्व समाज कल्याण समिति और न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ में अध्यक्ष पद से जुड़े बताए गए हैं।





