बलौदाबाजार, 5 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पलारी रेस्ट हाउस के सामने तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, वाहन में सवार चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए।

रायपुर की ओर जा रही थी पिकअप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन बलौदाबाजार से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पलारी रेस्ट हाउस के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में वाहन के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि दोनों सवार किसी गंभीर चोट का शिकार नहीं हुए।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ हादसा

दुर्घटना की तस्वीरें पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पलारी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है। गनीमत रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।