कोंडागांव। जिले में रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की यात्री बस ने घोड़ा गांव के पास एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद अनियंत्रित बस सड़क किनारे जंगल में जा घुसी। दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार तीनों लोग कोंडागांव से गीदम की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से चल रही थी। प्रारंभिक जांच में भी दुर्घटना की प्रमुख वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय नागरिकों ने जिले में बेलगाम दौड़ रही यात्री बसों पर चिंता जताते हुए परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





