रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को कारली स्थित 'छू लो आसमान' आवासीय शैक्षणिक संस्थान पहुंचकर नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को गुलदस्ता, पुष्पमाला और टैबलेट भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और मार्गदर्शन से मिली सफलता
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उच्च शिक्षा के दौरान छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और राज्य सरकार उनकी पढ़ाई के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
12वीं के विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने संस्थान में अध्ययनरत कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने नीट में सफल छात्रों से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को निर्धारित करने और पूरी लगन के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि "यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।"
'छू लो आसमान' दे रहा सपनों को नई उड़ान
दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 'छू लो आसमान' पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है।
इस योजना के तहत विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है, जिससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।
वनांचल के विद्यार्थियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
कारली के विद्यार्थियों की नीट परीक्षा में सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि उचित संसाधन, बेहतर मार्गदर्शन और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिले तो वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, यशवंत जैन, टेकेश्वर जैन, संतोष गुप्ता, दीपेश अरोरा, मुकेश शर्मा, सत्यजीत चौहान, जय भंसाली और कुलदीप ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीएफओ कृष्ण रंगनाथा वाई, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, डीएमसी हरीश गौतम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।





