जगदलपुर। बस्तर की केंद्रीय जेल में एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद एक युवक ने अदालत की अनुमति मिलने के बाद अपनी प्रेमिका के साथ जेल परिसर में विधि-विधान से विवाह रचा लिया। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे तथा विवाह करना चाहते थे। दोनों अलग-अलग जाति से होने के कारण परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध किया। इसके बाद युवती के परिवार की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

बाद में युवती ने अदालत में आवेदन प्रस्तुत कर कहा कि उसने पारिवारिक दबाव में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने न्यायालय को बताया कि वह अपनी इच्छा से युवक के साथ विवाह करना चाहती है। दोनों के बालिग होने और आपसी सहमति को देखते हुए अदालत ने जेल परिसर में विवाह की अनुमति प्रदान कर दी।

अदालत के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कराईं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज तैयार किए गए और जेल परिसर में मंडप सजाकर विवाह संपन्न कराया गया। पुलिस, अधिवक्ताओं और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

केंद्रीय जेल प्रशासन के अनुसार, दोनों पक्षों की सहमति और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप विवाह कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय जेल परिसर में इस तरह का यह पहला मामला माना जा रहा है, इसलिए यह घटना विशेष चर्चा में है।