कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 11 जिंदा कछुओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार में कछुओं को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। कार्रवाई के बाद वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बाजार में बेचने की फिराक में था आरोपी
वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम पीवी-124 के साप्ताहिक बाजार में अवैध रूप से वन्यजीवों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को जिंदा कछुओं के साथ पकड़ लिया।
11 जिंदा कछुए बरामद
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपांकर राय, निवासी ग्राम पीवी-117 के रूप में हुई। उसके कब्जे से 11 जिंदा कछुए बरामद किए गए, जिनका कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम बताया गया है। वन विभाग ने सभी कछुओं को जब्त कर सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी और खरीद-बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।





