नई दिल्ली। देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह पूरी निष्ठा, विनम्रता और कर्तव्यभाव के साथ अपनी नई जिम्मेदारी निभाएंगे।


प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी देश के भविष्य से जुड़ी है और वह पूरी क्षमता के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।


नवनियुक्त शिक्षा मंत्री ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विशेष रूप से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।

प्रह्लाद जोशी ने कहा, "मैं कर्तव्य और विनम्रता की भावना के साथ इस जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं। प्रधानमंत्री का मैं हृदय से आभारी हूं। उनके मार्गदर्शन में पूरी क्षमता और ईमानदारी के साथ काम करने का प्रयास करूंगा।"


उन्होंने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और शिक्षा क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रह्लाद जोशी को उनके वर्तमान उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।