बालोद/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद और कांकेर जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में बाइक सवार तीन लोग सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। वहीं बालोद जिले में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 56 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
खड़े ट्रक से टकराई बाइक, एक की मौत
भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। ग्राम किनारी से बाइक पर सवार होकर तिलक कमेटी, रमिता कमेटी और जमुना मंडावी दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीटी ढाबा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और डायल-112 को दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। भानुप्रतापपुर पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।
अज्ञात वाहन ने अधेड़ को कुचला, मौके पर मौत
दूसरा हादसा बालोद जिले के सोरर गांव के पास हुआ। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम लिमोरा निवासी ननकी विश्वकर्मा, पिता बंसी विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ननकी विश्वकर्मा करहीभदर से अपने गांव लिमोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोरर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।





