कांकेर। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार छात्राएं घायल हो गईं। हादसा ग्राम बाबुकोहका के पास हुआ, जहां स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्राओं को तत्काल चारामा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया गया।

घायल छात्राओं की पहचान लिलिमा कुंजाम (कक्षा 12वीं), भारती कुंजाम (कक्षा 12वीं), करुणा कुंजाम (कक्षा 10वीं) और खुशबू यादव (कक्षा 12वीं) के रूप में हुई है। चारों छात्राएं ग्राम बाबुकोहका की रहने वाली हैं और ग्राम गोलकुम्हड़ा स्थित शासकीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद चारों छात्राएं पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाबुकोहका के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से छात्राओं को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

चारामा अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल कांकेर भेज दिया गया। फिलहाल चारों छात्राओं का इलाज जारी है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार चालक की लापरवाही और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।