खैरागढ़। छुईखदान थाना क्षेत्र के जोरातराई रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार में फंस गई और करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में मदनपुर खैरागढ़ निवासी हुलास साहू और योगेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद भिलाई रेफर किया गया है।

धमधा से लौट रहे थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, हुलास साहू और योगेश साहू रविवार रात बाइक से धमधा की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जोरातराई रोड पर सामने से आ रही एक सफेद कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई, लेकिन कार कुछ दूर तक चलती रही। इससे बाइक करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को भिलाई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन छुईखदान थाने पहुंचे और कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

छुईखदान थाना प्रभारी बिलकिस बानो के मुताबिक, घायलों के परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।