दुर्ग। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से 5 लाख रुपये की ठगी करने के करीब आठ साल पुराने मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी शमीम खान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने संभाग आयुक्त कार्यालय, दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा देकर रकम ली थी। नौकरी नहीं मिलने और पैसे वापस नहीं किए जाने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी।
मामला वर्ष 2018 का है। डाक बंगला पुरैना निवासी डी. सत्य साईं ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक शमीम खान ने उन्हें और उनके परिचित सीएच बैकुंठ राव को संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। दोनों ने उसकी बातों पर विश्वास कर कुल 5 लाख रुपये दे दिए।
जांच में बैंक स्टेटमेंट और लेन-देन का वीडियो मिला
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान यूनियन बैंक का बैंक स्टेटमेंट, रुपये के लेन-देन से जुड़ा वीडियो और लोन संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने शमीम खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने रकम लेने की बात स्वीकार की। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये देने से पहले संबंधित विभाग और भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी जरूर लें। नौकरी के बदले पैसे मांगने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





