वारदात से पहले एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी, पुलिस ने लाखों का सामान, टाटा एस वाहन और स्कूटी जब्त की; फरार आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बंद पड़ी फैक्ट्री के चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये का सामान लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में हुई डकैती का खुलासा करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।


चौकीदार के हाथ बांधकर फैक्ट्री में घुसे बदमाश

पुलिस के अनुसार, हीरापुर के तेंदुआ रोड स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदारी करते हैं। 22 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे कुछ बदमाश फैक्ट्री परिसर में घुस आए।

चौकीदार ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पथराव किया। इसके बाद मुंह पर कपड़ा बांधे सात से आठ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और चौकीदार के हाथ रस्सी से बांध दिए। बदमाशों ने फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को वाहन में भर लिया और दीवार तोड़कर खेत के रास्ते फरार हो गए।


सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

घटना की शिकायत पर कबीर नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस ने सरोना निवासी संदीप नेताम को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसके दो अन्य साथी अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


एक सप्ताह पहले बनाई थी डकैती की योजना

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक बंद फैक्ट्री की रेकी की थी। इस दौरान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से चौकीदार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।


17 लाख का सामान और वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी, कटर मशीन और ड्रिल मशीन भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है।


तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। कबीर नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2) और 310(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।