दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान महिला टेक्नीशियनों द्वारा रील बनाने का मामला सामने आया है। लैब के भीतर बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश देते हुए अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
वायरल वीडियो में महिला टेक्नीशियन लैब के अंदर रील बनाती नजर आ रही हैं। इस दौरान वहां ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रील बनाने के दौरान लैब के नियमित कामकाज पर किसी तरह का असर पड़ा या नहीं।
मरीजों की जानकारी दिखाई देने की भी होगी जांच
अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां अस्पताल आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर विभिन्न प्रकार की जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, लैब में करीब 134 प्रकार की जांच निशुल्क उपलब्ध हैं। लैब का संचालन एचएलएल कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है।
वायरल वीडियो में सैंपल और जांच से संबंधित गतिविधियां नजर आने के कारण विभाग यह भी जांच कर रहा है कि वीडियो लैब के किस हिस्से में बनाया गया था। इसके अलावा यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो में किसी मरीज के सैंपल या जांच से संबंधित गोपनीय जानकारी तो उजागर नहीं हुई।
HIV जांच रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद
अटल आरोग्य लैब इससे पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर चर्चा में रही है। कुछ दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाया तो दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से पूरी जानकारी मांगी थी। इसके साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच कराने और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब या कार्यस्थल पर इस तरह वीडियो बनाना ड्यूटी के प्रति लापरवाही की श्रेणी में आता है। मामला संज्ञान में आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





